संपूर्ण भोजन कौन सा है?HealthPlanet

Posted on Fri 23rd Dec 2022 : 11:17

संतुलित आहार क्या है, इसको लेकर बहुधा प्रश्न होते हैं. ये प्रश्न बहुत अच्छा है. मैं इसका एक अलग सा जवाब आयुर्वेद के सिद्धांतो के अनुसार दे रही हूँ, जो कि भोजन में संतुलन का एक अलग नज़रिया है.

प्रोटीन (दाल, दूध इत्यादि ), वसा (घी, तेल)और कार्बोहायड्रेट (रोटी, चावल ) के अलावा भी आयुर्वेद के अनुसार भोजन में दो और प्रकार से संतुलन रखना उचित है. पहला है शाकों के स्रोत का संतुलन. आयुर्वेद में सब्जियों के छह वर्ग बतलाये गए हैं.

पत्तियाँ : जैसे कि बथुआ, चौलाई
फूल : जैसे कि गोभी
फल : जैसे लौकी, बैंगन, करेला
टहनियां : जैसे सरसों
कंद (जड़ें) : आलू, मूली
संस्वेद्ज (गर्मी+बारिश की पैदावार): जैसे कि मशरूम

तो पहला संतुलन है, इन छह प्रकार की सब्जियों में पाचन के लिए. आयुर्वेद के अनुसार (देखें अष्टांगहृदयं ६:७२), उपरोक्त छह वर्गों में से सबसे आसान है पत्तियों को पचाना और सबसे मुश्किल है संस्वेद्ज शाकों को पचाना. तो ये तो हुआ पहला अलग तरह का संतुलन. अपने भोजन में पत्तियाँ, फूल, फल अधिक रखें, और टहनियां, कंद और मशरूम कम. याने आलू कम, बथुआ ज्यादा. है न मजेदार?

दूसरा संतुलन है स्वाद का. आयुर्वेद में छह स्वाद भी बतलाये गए हैं (देखें अष्टांगहृदयं १०:१-४० ). इन छह स्वादों के अनुसार भी कुछ फल और सब्जियां निम्न प्रकार से हैं

मीठा (मधुर रस )- खजूर , केला, अखरोट, मुनक्का
खट्टा (या अम्ल रस) - इमली, आंवला, आम
नमकीन (या लवण रस) - गाज़र, अजमोदा (celery)
कड़वा (या तिक्त रस) - करेला, नीम, मेथी, हल्दी , हड , आंवला
तीखा (या कटु रस) - हरी मिर्च, काली मिर्च, हड
कषाय रस (astringent) - आंवला, अनार, फिटकरी , हड, बहेड़ा, कमल ककड़ी ( कषाय वो स्वाद है जिससे जबान थोड़ी सिकुड़ सी जाती है )

तो ये हुआ दूसरा अलग तरह का संतुलन - छह स्वादों का. रोजाना के खाने में, इन छह तरह के स्वादों का समावेश करें, तो स्वास्थ्य के लिए उत्तम है. अगर सूची को ध्यान से देखें तो आप ये भी देखेंगे कि आंवला और हड (या हरीतकी ) , ये कई जगह पर आये हैं. कोई आश्चर्य नहीं, कि हड और आंवला की भूरी भूरी प्रशंसा आयुर्वेद में मिलती है.

solved 5
wordpress 3 years ago 5 Answer
--------------------------- ---------------------------
+22

Author -> Poster Name

Short info